भारतीय जनता पार्टी के यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. उन्होंने सपा को परिवारवाद वाली पार्टी बताया। साथ ही कहा कि भाजपा में अभी तक पता नहीं कि प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, लेकिन सपा में अभी से तय है कि पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बेटा होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों का काम परिवारवाद की राजनीति करना और राज्य को लूटना है।
संभल जिले के बहजोई में प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर बहजोई विकासखंड के समारोह और गुन्नौर के रजपुरा में गांव चौपाल कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि क्षेत्रीय पार्टियां जनता के हित में कोई काम नहीं करती हैं। जब भाजपा सरकार जनता को योजनाएं चलाकर फायदा पहुंचाने का काम करती है तो विपक्षी अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज सभी को पता है कि समाजवादी पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, लेकिन भाजपा का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा यह कोई नहीं बता सकता।

भारतीय जनता पार्टी जमीनी स्तर पर ईमानदारी से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही बड़ी जिम्मेदारी देती है। भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री मोदी हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। वह इस तरीके से ईमानदारी से काम कर रहे हैं कि उनका कोई मुकाबला नहीं है। वह गरीबों को मकान देने का काम करते हैं। प्रदेश में कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीब और किसानों का जीवन स्तर उठा रहे हैं।
भारत को विश्व गुरू बनाना है
कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर भी तंज कसा। बीजेपी प्रेदश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष कोई पार्टी होती है क्या? विपक्ष का काम जनता के मुद्दे पर काम करना नहीं है बल्कि अपनी राजनीति चमकाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है हिंदुस्तान, जोकि हमारी भारत मां है, विश्व गुरू बने, दुनिया में वंदे मातरम और भारत मां की जय-जय कार हो।
