मध्यप्रदेश में हुए 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए नतीजे आना शुरू हो गए हैं। भाजपा को बढ़त जारी है, जो नौ सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है वहीं, कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। फिलहाल बाकी सीटों के नतीजे आना बाकी है। इसके साथ ही यह साफ हो गया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनी रहेगी। गौरतलब है कि मार्च महीने में ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे, उसके बाद तीन और विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। वहीं तीन मौजूदा विधायकों के निधन से तीन सीटें खाली हुई थीं। आज की मतगणना भाजपा के लिए केवल सरकार बचाने के लिहाज से ही अहम नहीं है, बल्कि इससे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया का राजनीतिक भविष्य भी तय होगा। यहां पढ़ें इससे जुड़े अपडेट्स-
नौ पर भाजपा को आट सीटों पर कांग्रेस आगे28 विधानसभा सीटों में से अब तक भाजपा नौ पर तो कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। भाजपा फिलहाल नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो कांग्रेस आठ सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, एक सीट पर बसपा आगे चल रही है।
यह भाजपा की विचारधारा की जीत: शिवराज
भाजपा की जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की जीत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद की जीत है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा विकास और जनकल्याण के लिए काम करेगी। यह इस विश्वास की जीत है।
गुजरात: अबडासा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार को जीत
गुजरात की अबडासा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के प्रद्युम्न सिंह जडेजा ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 36,000 से ज्यादा वोटों से हरा जीत दर्ज की है।
नौ पर भाजपा को आट सीटों पर कांग्रेस आगे
28 विधानसभा सीटों में से अब तक भाजपा नौ पर तो कांग्रेस को एक सीट पर जीत हासिल हुई है। भाजपा फिलहाल नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है तो कांग्रेस आठ सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, एक सीट पर बसपा आगे चल रही है।
अनूपपुर से भाजपा उम्मीदवार बिसाहूलाल सिंह जीते
भाजपा प्रत्याशी बिसाहूलाल सिंह ने अनूपपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। 28 में से भाजपा को अब तक नौ सीटों पर जीत मिल चुकी है, जिसके साथ ही राज्य में शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनी रहने का रास्ता साफ हो गया है।
भांडेर से भाजपा की रक्षा सिरोनिया को जीत
भांडेर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रक्षा सिरोनिया ने जीत हासिल की है। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर उन्हें जीत की बधाई दी है। उधर, मुंगावाली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र यादव जीते हैं।
भांडेर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रक्षा सिरोनिया जी को विजयी होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं| भांडेर विधानसभा के समस्त मतदाताओं का सहृदय आभार।
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) November 10, 2020
बहुमत से केवल एक सीट दूर भाजपा
भाजपा अभी तक आठ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। बता दें कि प्रदेश विधानसभा की कुल 230 सीटों में से वर्तमान में भाजपा के 107 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 88, चार निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा का विधायक है। भाजपा को बहुमत के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए इस उपचुनाव में मात्र नौ सीटों पर जीत दर्ज करने की जरूरत है, जिसमें केवल एक सीट का फासला बाकी है।
शिवराज सरकार के तीन मंत्री पीछे
शिवराज सिंह चौहान सरकार के तीन मंत्री, कांग्रेस उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। इन मंत्रियों में सुमोली से ऐदल सिंह कंसाना, दिमानी से गिर्राज दंडोतिया और महगांव से ओपीएस भदौरिया शामिल हैं।
15 से ज्यादा सीटों पर जीती भाजपा तो बढ़ेगा चौहान का कद
राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर हुए मतदान की मतगणना जारी है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा आठ सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है। अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा उपचुनाव वाली इन 28 सीटों में से 15 से अधिक पर जीत दर्ज कर लेती है तो पार्टी में उनका कद और भी बढ़ जाएगा। चौहान अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आते हैं और प्रदेश में इस वर्ग की जनसंख्या 50 फीसदी से अधिक है।
अशोकनगर से भाजपा के जजपाल सिंह जीते
अशोकनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जजपाल सिंह जज्जी को जीत हासिल हुई है। 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा की यह आठवीं जीत है।
सुवासरा से भाजपा तो ब्यावरा से कांग्रेस उम्मीदवार को जीत
सुवासरा से भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह डंग 29,440 वोट से जीत गए हैं। वहीं, ब्यावरा में कांग्रेस प्रत्याशी रामचंद्र दांगी ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के नारायण सिंह पंवार को हराया है। उधर, डबरा में उलटफेर के आसार नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश काजे से करीब 615 वोट से पीछे चल रही हैं।
भाजपा की बड़ी जीत का पूरा विश्वास था: शिवराज
उपचुनाव के परिणामों से अभिभूत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की जनता का और मेरा आत्मीयता का, प्रेम का और स्नेह का रिश्ता है। मुझे पूरा विश्वास था कि भाजपा को भारी विजय मिलने वाली है। जहां हम जीत रहे हैं वहां अधिकांश सीटों पर 40-50 हजार वोटों से जीत रहे हैं।
दिग्विजय के आरोप पर शिवराज का पलटवार
दिग्विजय सिंह के ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंग कभी सच्चाई स्वीकार नहीं कर सकते और इसीलिए अब वह ईवीएम के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब उनकी पार्टी ने चुनाव में 114 सीटें जीती थीं, तब ईवीएम को कोई दिक्कत नहीं थी? वह कभी सत्य को स्वीकार नहीं करते। वह केवल अपनी पार्टी की हार के लिए बहाने बना सकते हैं।
कमलनाथ ने जनता के साथ धोखा किया: वीडी शर्मा
मध्यप्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर आरोप लगाया है कि उन्होंने राज्य को धोखा दिया है क्योंकि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इशारे पर सरकार को चलाया।
मंधाता और सांची विधानसभा सीट से भाजपा की जीत
सांची विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जीत दर्ज की है। वहीं, मंधाता से भाजपा सांसद नारायण सिंह पटेल ने जीत हासिल की है। पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार उत्तम पाल सिंह को 22,129 वोट से मात दी है।
दिग्विजय ने लगाया ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने चयनित स्थानों पर ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं हो सकती है और कुछ खास जगहों पर छेड़छाड़ की जा चुकी है। ये वो सीटें है जो हम किसी भी स्थिति में कभी नहीं हारे होंगे लेकिन हम हजारों वोट से हार रहे हैं। हम इसे लेकर कल बैठक करेंगे और परिणामों का विश्लेषण करेंगे।
ग्वालियर में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न
ग्वालियर में अभी मतगणना जारी है, लेकिन रुझानों में बढ़त दिखते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। भाजपा राज्य में कम से कम 19 सीटों पर आगे चल रही है।
कांग्रेस के भोपाल स्थित दफ्तर पर पसरा सन्नाटा
मध्यप्रदेश उपचुनाव के शुरुआती रुझानों के बाद से कांग्रेस का हौसला पस्त नजर आ रहा है। भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। वर्तमान में कांग्रेस ने छह सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।
झारखंड की दो सीटों में से एक पर कांग्रेस आगे
झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस पार्टी और एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा आगे चल रही है।
झारखंड विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट पर कांग्रेस पार्टी और एक सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा आगे चल रही है। #jharkhandElection
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 10, 2020
बदनावर से मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव चुनाव जीते
मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए हुए उपचुनावों के नतीजे आना शुरू हो गया है। राज्य की बदनावर सीट से मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव को जीत मिली है। उन्हें 57 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं।
बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया चुनाव जीते
मध्यप्रदेश की बमोरी विधानसभा सीट से भाजपा के महेंद्र सिंह सिसोदिया को जीत मिली है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्हें 62 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं।
बमोरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया चुनाव जीते
मध्यप्रदेश की बमोरी विधानसभा सीट से भाजपा के महेंद्र सिंह सिसोदिया को जीत मिली है। चुनाव आयोग के मुताबिक उन्हें 62 फीसदी से अधिक वोट मिले हैं।
